February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन–जन तक पहुँचाने महापौर संजू देवी राजपूत का बड़ा अभियान, जोनवार शिविर लगाकर वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय के निर्देश

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//  कोरबा, 15 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के लिए कोरबा नगर निगम द्वारा व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दिशा में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने विद्युत कंपनी एवं नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जोनवार शिविरों का आयोजन कर वार्ड पार्षदों से समन्वय स्थापित करते हुए अधिकतम नागरिकों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि यह योजना केवल बिजली बिल से राहत देने वाली नहीं, बल्कि आम नागरिकों को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाली ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने वार्ड पार्षदों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को योजना के लाभों से अवगत कराएं, उन्हें घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित करें और जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
महापौर ने ली महत्वपूर्ण बैठक, अभियान चलाने के निर्देश
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आज आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय एवं सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर की उपस्थिति में नगर निगम के वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को बिजली बिल के बोझ से मुक्त करना है। इस योजना के माध्यम से न केवल घरों को मुफ्त बिजली मिलेगी, बल्कि सोलर पैनल से उत्पादित अतिरिक्त बिजली से नागरिकों को अतिरिक्त आय का भी अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि योजना की संपूर्ण जानकारी आमजन तक पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक इससे वंचित न रहे।
महापौर ने विद्युत कंपनी व निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र ही समुचित कार्ययोजना बनाकर अभियान प्रारंभ किया जाए, जोनवार शिविर लगाए जाएं और वार्ड पार्षदों के सहयोग से पंजीयन व जागरूकता की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की विस्तार से दी गई जानकारी
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, कोरबा के कार्यपालन अभियंता (शहर) श्री रोशन वर्मा ने वार्ड पार्षदों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि—
योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाएगी।
1 किलोवाट क्षमता पर ₹45,000
2 किलोवाट क्षमता पर ₹90,000
3 किलोवाट या अधिक क्षमता पर ₹1,08,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड से जुड़े रहेंगे, जिससे उत्पादित बिजली और खपत का नियमित कैलकुलेशन होगा। उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली की राशि संबंधित उपभोक्ता को मिलेगी। साथ ही सोलर पैनल स्थापना के लिए बैंक फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत मिली स्वीकृति
बैठक में वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी एवं अन्य पार्षदों द्वारा विद्युत विस्तार को लेकर जानकारी मांगे जाने पर कार्यपालन अभियंता श्री रोशन वर्मा ने बताया कि वार्डों में विद्युत विस्तार, अतिरिक्त खंभों की आवश्यकता आदि संबंधी प्रस्ताव मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत शासन को भेजे गए थे, जिन्हें स्वीकृति मिल चुकी है। अब शीघ्र ही कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, अजय गोंड़, भानुमति जायसवाल, उर्वशी राठौर, लक्ष्मण श्रीवास, अब्दुल रहमान, चन्द्रलोक सिंह, रामकुमार साहू, सत्येन्द्र दुबे, उपेन्द्र सिंह पटेल, रूबी देवी सागर, राधा महंत, चैतन सिंह मैत्री, प्रताप सिंह कंवर, चन्द्रकली जायसवाल, प्रभा राठौर सहित अनेक पार्षद,
अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, दिनेश वैष्णव, टीकम राठौर, दीपक यादव, सुरेन्द्र कुमार राजवाड़े, शिव चंदेल, नरेन्द्र गोस्वामी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा नगर निगम अब प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आने वाले दिनों में जोनवार शिविरों और वार्ड स्तर पर अभियान के माध्यम से नागरिकों को मुफ्त बिजली और अतिरिक्त आय का लाभ दिलाने की ठोस पहल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.