February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

घंटाघर ओपन थिएटर में क्रिकेट का ऐतिहासिक संग्राम: कोरबा में पहली बार इंटर-स्कूल और ओपन फ्लड लाइट ‘मीना जैन मेमोरियल कप – सीजन 1’ का भव्य आयोजन

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**कोरबा। जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए कोरबा में पहली बार इंटर-स्कूल और ओपन टेनिस बॉल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य और सफल आयोजन किया गया। मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल के तत्वावधान में आयोजित “मीना जैन मेमोरियल कप – सीजन 1” क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन 10 जनवरी की रात घंटाघर ओपन थिएटर में रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। इस अनोखे आयोजन में इंटर-स्कूल और ओपन टूर्नामेंट का एक साथ आयोजन किया गया, जो कोरबा ही नहीं बल्कि पूरे संभाग में बेहद कम देखने को मिलता है।
इस ऐतिहासिक क्रिकेट आयोजन के सभी मुकाबले घंटाघर ओपन थिएटर में फ्लड लाइट की रोशनी में खेले गए, जहां हर दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ती रही। जिले भर में इस टूर्नामेंट की व्यापक चर्चा रही और क्रिकेट प्रेमियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की क्रिकेट प्रतियोगिताएं क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजन न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के बड़े खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

 

इंटर-स्कूल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के अवसर पर पूर्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर के खिलाड़ियों के लिए इस तरह का भव्य टूर्नामेंट कोरबा में पहली बार आयोजित किया गया है, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे ही देश और समाज का भविष्य होते हैं और उन्हें यदि इस स्तर पर मंच मिले तो उनकी प्रतिभा और निखरकर सामने आती है। उन्होंने शहर के ख्यातिलब्ध चिकित्सक डॉ. प्रिंस जैन द्वारा खेल के क्षेत्र में किए गए इस महत्वपूर्ण योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस क्रिकेट प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार स्कूल स्तर के खिलाड़ियों को ओपन टूर्नामेंट में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक आयोजित इंटर-स्कूल डिस्ट्रिक्ट लेवल टेनिस बॉल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि न्यू एरा पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही।
इसके पश्चात 6 जनवरी से 10 जनवरी तक आयोजित ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में जिले की टीमों के साथ-साथ बाहर से आई कई नामी टीमों ने भी भाग लिया। ओपन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शेरा 11 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज हासिल किया, जबकि कोरबा धुरंधर की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को ₹1,00,000 एवं उपविजेता टीम को ₹50,000 की आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाने वाली बालको प्रीमियम टीम को भी प्रोत्साहन स्वरूप ₹11,000 की नगद राशि प्रदान की गई।
इस आयोजन की एक और खास बात यह रही कि सभी मुकाबलों का आयोजन बड़े स्तर के प्रोफेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट की तर्ज पर किया गया। प्रत्येक मैच का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण, लाइव कमेंट्री, थर्ड अंपायर कॉल, रिव्यू सिस्टम और रीप्ले सुविधा उपलब्ध रही, जिससे दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच जैसा अनुभव मिला। ओपन टूर्नामेंट में न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से भी खिलाड़ी मैच फीस देकर खेलने पहुंचे। खिलाड़ियों की आक्रामक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी ने दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया।
कड़ाके की ठंड के बावजूद रविवार की रात लगभग 12:30 बजे तक घंटाघर ओपन थिएटर दर्शकों से खचाखच भरा रहा और क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर दिखाई दिया। पूरे आयोजन के दौरान शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, खेलप्रेमियों एवं युवाओं की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह और मनोबल लगातार बढ़ाया।
आयोजन समिति ने इस ऐतिहासिक और सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, दर्शकों, अतिथियों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के भव्य खेल आयोजनों के निरंतर आयोजन का भरोसा दिलाया। यह टूर्नामेंट निस्संदेह कोरबा को खेल नक्शे पर एक नई पहचान दिलाने वाला साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.