“बरसात की परेशानी पर लगेगा विराम: कोड़ियाघाट में 8 लाख की पुलिया का भूमिपूजन, सरपंच डिग्पाल सिंह कंवर बोले—विकास वादों से नहीं, काम से होता है”






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//* कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलाईडांड के आश्रित ग्राम कोड़ियाघाट में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 8.00 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह कार्य विशेष रूप से बरसात के मौसम में आवागमन की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिक मोहन सिंह एवं युवा सरपंच डिग्पाल सिंह कंवर द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुभ शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
बरसात में मिलेगी राहत, आवागमन होगा सुगम
पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद कोड़ियाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बरसात के दिनों में आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को पानी, कीचड़ और टूटे रास्तों की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। पुलिया से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए गांववासियों ने सरपंच डिग्पाल सिंह कंवर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में ही जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर जनता का विश्वास जीता है।
“वादे नहीं, काम हमारी पहचान” — सरपंच डिग्पाल सिंह कंवर
ग्रामीणों से संवाद करते हुए सरपंच डिग्पाल सिंह कंवर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे क्षेत्र के हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े हैं और निरंतर विकास कार्यों के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा—
“हम केवल वादे करने की राजनीति नहीं करते, बल्कि शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारकर दिखाते हैं। यही जनता के प्रति हमारी सच्ची सेवा भावना है।”
जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर परसराम, सोहन, मनमोहन, धनसिंह, रामकुमार तंवर (उपाध्यक्ष भाजपा गढ़उपरोड़ा मंडल) सहित सम्मानित पंच कृष्णा बाई, साधना चौहान, लक्ष्मी सिंह कंवर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पुलिया निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गांव में विकास को मिलेगी नई गति
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि गांव के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह धरातल पर दिखने वाले विकास कार्य होते रहेंगे और कोड़ियाघाट विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा।





