February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

10 वर्ष पुराने निष्क्रिय बैंक खातों, बीमा पॉलिसी, एसबीआई लाइफ और म्यूचुअल फंड दावों के निपटान हेतु मेगा कैंप 24 अक्टूबर को — खाताधारक और नामांकित लाभार्थी उठा सकेंगे लाभ

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/कोरबा, 22 अक्टूबर 2025।
भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (वित्त मंत्रालय) के निर्देशानुसार अब 10 वर्ष पुराने निष्क्रिय बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, तथा म्यूचुअल फंड निवेशों से संबंधित दावे निपटाने के लिए विशेष मेगा कैंप आयोजित किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण शिविर 24 अक्टूबर (गुरुवार) को सियान सदन भवन, घंटाघर से बुधवारी रोड के बीच आयोजित होगा।
इस विशेष पहल का उद्देश्य उन खाताधारकों, नामांकित व्यक्तियों या उनके उत्तराधिकारियों को उनका वैध धन लौटाना है, जिनके खाते, बीमा पॉलिसियां या निवेश बीते 10 वर्षों से निष्क्रिय पड़े हुए हैं। वित्त मंत्रालय ने सभी बैंकों, बीमा कंपनियों और म्यूचुअल फंड संस्थानों को ऐसे खातों की पहचान कर पात्र दावेदारों को राशि प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं।
इस मेगा कैंप में राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, बीमा कंपनियों, एसबीआई लाइफ, और विभिन्न म्यूचुअल फंड संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो मौके पर ही आवेदन स्वीकार करेंगे और आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया के बाद दावे निपटाएंगे।
विशेष रूप से म्यूचुअल फंड निवेशों के पुराने दावों पर भी इस कैंप में कार्यवाही होगी। जिन निवेशकों या उनके परिजनों के म्यूचुअल फंड खातों में 10 वर्ष से अधिक समय से राशि पड़ी है, वे अपने पहचान पत्र, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, निवेश दस्तावेज़ और नामांकन संबंधी प्रमाणों के साथ कैंप में पहुँचकर दावा कर सकते हैं।
मेगा कैंप के अंतर्गत स्वीकार किए जाने वाले दावे:
10 वर्ष से अधिक पुराने निष्क्रिय बैंक खाते
बीमा पॉलिसी से संबंधित बकाया दावे
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के अपूर्ण भुगतान या दावा
म्यूचुअल फंड निवेशों से जुड़ी अघोषित या निष्क्रिय राशि
शासकीय या अर्द्धशासकीय संस्थानों से जुड़े निष्क्रिय खाते
अधिकारियों ने बताया कि यह कैंप वित्त मंत्रालय की पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे जनता को उनके हक की राशि आसानी से प्राप्त हो सकेगी।
आयोजन समिति ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपने निष्क्रिय खातों, बीमा पॉलिसियों, एसबीआई लाइफ तथा म्यूचुअल फंड निवेशों से संबंधित लंबित दावों का निपटारा इस कैंप के माध्यम से अवश्य कराएँ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.