हसदेव नदी पर बने जर्जर पुल की मरम्मत की मांग — सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने कलेक्टर से की अपील






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **/ कोरबा, 15 अक्टूबर 2025।
हसदेव नदी पर बने पुराने पुल की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों की समस्या अब जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में भी आ गई है। इस संबंध में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत के प्रतिनिधि ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर पुल की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह पुल उरगा–करतला–तर्रा–काकरभाठा–बलोदा मार्ग पर स्थित है, जो कोरबा जिले को बिलासपुर से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। पुल के निर्माण को कई वर्ष हो चुके हैं और अब यह अत्यंत जर्जर हो गया है। पुल की सतह पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण राख परिवहन करने वाले भारी वाहनों के आवागमन से पुल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि पुल की खराब हालत के कारण आम नागरिकों, पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही पुल में गड्ढे और क्षतिग्रस्त ढांचे के चलते कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि हसदेव नदी पर बने इस महत्वपूर्ण पुल की शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुरक्षा और सुविधा मिल सके।
पत्र की एक प्रति लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत को भी प्रेषित की गई है, ताकि विषय को उच्च स्तर पर भी उठाया जा सके।
: सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश चंद्रवंशी,
शिक्षा विभाग, करतला, जिला कोरबा (छ.ग.)





