छठघाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और चेजिंग रूम की पुख्ता व्यवस्था करें — महापौर संजूदेवी राजपूतदीपावली और छठ पर्व पर निगम ने कसी कमर, महापौर-आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **/ कोरबा, 14 अक्टूबर 2025।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने नगर निगम क्षेत्र के समस्त छठघाटों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम अधिकारी अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें।
महापौर श्रीमती राजपूत ने आज आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में नगर निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में निगम अधिकारियों और जोन कमिश्नरों की बैठक ली। बैठक में दीपावली व छठ पर्व से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
🌕 “छठघाटों पर स्वच्छता और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता” — महापौर
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में लगभग 36 छठघाट हैं, जहां श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्ध्य अर्पित करते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर आवश्यकतानुसार मरम्मत, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की पूरी तैयारी रहे।
उन्होंने कहा — “घाटों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता, आने-जाने के मार्ग में रोशनी, और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े, यह हमारी जिम्मेदारी है।”
आयुक्त श्री पाण्डेय ने भी निर्देशित किया कि जेसीबी व सफाई संसाधनों के माध्यम से घाटों की विशेष सफाई कराई जाए तथा पूर्व में स्थापित स्ट्रीट लाइटों को जांचकर दुरुस्त किया जाए।
👩🦱 महिला श्रद्धालुओं के लिए हर घाट में बने अस्थायी चेजिंग रूम
महापौर श्रीमती राजपूत और आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों से कहा कि महिला व्रतधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर छठघाट में अस्थायी चेजिंग रूम (Changing Room) बनाए जाएं। साथ ही पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पूरे पर्व के दौरान सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती रहे।
🚗 दीपावली पर बाजारों और छठघाटों में पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था
त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ को देखते हुए महापौर और आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न बाजार क्षेत्रों के आसपास वाहन पार्किंग स्थल चिन्हांकित किए जाएं, ताकि आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे।
इसी प्रकार बड़े छठघाटों में भी पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
🪔 त्योहारों में अव्यवस्थित दुकानें नहीं लगें — केवल निर्धारित स्थलों पर मिले अनुमति
दीपावली पर्व के दौरान चौक-चौराहों पर लगने वाली फल, फूल, केले के पत्ते, सजावटी सामग्री आदि की दुकानों को लेकर भी महापौर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों का स्थल पूर्व में चिन्हांकित कर वहीं पर ही दुकानें लगाई जाएं, ताकि सड़क यातायात बाधित न हो और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
👥 बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त नीरज कौशिक व पवन वर्मा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, अखिलेश शुक्ला, प्रकाश चन्द्रा, एन.के. नाथ, विनोद शांडिल्य, तपन तिवारी, सुनील टांडे, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, आकाश अग्रवाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।





