ग्राम पंचायत मदनपुर में होगा नया पंचायत भवन — अध्यक्ष श्रीमती बिजमोती अभिमन्यु राठिया ने किया भूमिपूजन, कहा- “गांव के विकास में यह भवन बनेगा मील का पत्थर”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। ग्राम पंचायत मदनपुर में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। आज यहां नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती बिजमोती अभिमन्यु राठिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

श्रीमती राठिया ने कहा कि “गांव के विकास के लिए सशक्त पंचायत भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब यह भवन न केवल पंचायत कार्यों के संचालन में सहायक होगा, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण, बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी केंद्र बिंदु बनेगा।” उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, और इस भवन के निर्माण से मदनपुर पंचायत को नई पहचान मिलेगी।
ग्रामवासियों ने इस स्वीकृति पर हर्ष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष श्रीमती बिजमोती अभिमन्यु राठिया का आभार प्रकट किया और कहा कि उनके प्रयासों से गांव को यह बड़ी सौगात मिली है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती कवित्री श्याम राठिया, उपसरपंच राम प्रसाद, रविंद्र राठिया, राय सिंह, सोहन सिंह, मरदल सिंह, मगलेश्वर राठिया सहित पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत सदस्यों ने सामूहिक रूप से किया।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और ग्राम के सर्वांगीण विकास हेतु सहयोग का संकल्प लिया।







