October 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू राम निषाद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन पर जोर – बेहतर कोरबा और छत्तीसगढ़ बनाने के लिए दक्षता बढ़ाने के निर्देश”

1 min read

 

कोरबा, 26 सितंबर 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में श्री निषाद ने जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की गहन जानकारी ली और निर्देश दिया कि योजनाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँच सके।
बैठक में कलेक्टर श्री अजीत वसंत, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, सचिव राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग श्री संकल्प साहू, सहायक अनुसंधान अधिकारी श्रीमती अनिता डेकाटे, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री श्रीकांत कसेर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
योजनाओं के क्रियान्वयन पर बल
अध्यक्ष श्री निषाद ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए सतत कार्य कर रही है और इस दिशा में अधिकारियों को संवाहक की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना हमारा सामूहिक लक्ष्य है।

 

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जागरूकता के अभाव में वंचित रह रहे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। तकनीकी कारणों या त्रुटियों के चलते लाभ प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए विशेष पहल करने की आवश्यकता है।
विकास के चार स्तंभों पर फोकस
बैठक में श्री निषाद ने विकास के चार स्तंभ—गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग—पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने से ही देश मजबूत होगा। सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार के माध्यम से पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करें और जिले की दक्षता बढ़ाकर बेहतर कोरबा और छत्तीसगढ़ बनाने में योगदान दें।
विभागवार समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि महतारी वंदना योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे और कोई भी महिला वंचित न रहे। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के प्रति लोगों को प्रोत्साहित कर व्यापक जागरूकता लाने पर बल दिया।
कृषि विभाग के संदर्भ में उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना अनिवार्य है। किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने की बात कही।
श्रम विभाग की समीक्षा में उन्होंने श्रमिक कल्याण की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में पलायन की समस्या को काफी हद तक रोका जा सके।
शिक्षा विभाग में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण सहित अन्य शैक्षिक योजनाओं का लाभ देने पर जोर दिया।
रेशम विभाग में उन्होंने टसर उत्पादन बढ़ाने, संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
मत्स्य विभाग के तहत मत्स्य संपदा योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने, मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से सामूहिक उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देने की बात कही।
पशुपालन विभाग में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्राथमिकता से आर्थिक लाभ दिलाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
जाति प्रमाणपत्र और अन्य योजनाएँ
श्री निषाद ने जाति प्रमाणपत्र में वर्तनीगत त्रुटियों के कारण पात्र लोगों को हो रही दिक्कतों का समाधान करने और उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन को पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही क्रिमीलेयर निर्धारण संबंधी शासन के निर्देशों का पालन कर पात्र लोगों को लाभ दिलाने की बात कही।
इसके अतिरिक्त वनाधिकार पट्टा, आवास निर्माण एवं अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिले, इस पर गंभीरता से कार्य करें।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.