February 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

स्कूल की जमीन पर कब्जे का मामला उजागर, राजस्व विभाग की जांच में प्रशासनिक लापरवाही हुई बेनकाब

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **/ रायगढ़। शासकीय जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। ग्राम पंचायत भातपुर के आश्रित ग्राम साल्हेपाली में स्कूल के लिए आरक्षित भूमि पर खुलेआम कब्जा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। तहसीलदार कार्यालय की टीम ने मौके पर जांच की तो पाया कि स्कूल प्रयोजन हेतु सुरक्षित 0.101 हेक्टेयर भूमि पर कन्हैया पटेल द्वारा खसरा नंबर 273/2क में बड़वाल डालकर अतिक्रमण किया गया है। यही नहीं, उक्त भूमि पर विद्युत ट्रांसफॉर्मर और पानी की टंकी भी मौजूद पाई गई।
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि अतिक्रमण के चलते शिकायतकर्ता संतोषी बैरागी का आवागमन मार्ग तक बंद कर दिया गया। आरोप है कि उनके मकान का छत तोड़ा गया, तीन खंभे गिरा दिए गए और शौचालय का रास्ता तक अवरुद्ध कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बावजूद पटवारी की रिपोर्ट में इन तथ्यों का उल्लेख तक नहीं किया गया, जिससे असंतुष्ट होकर उन्होंने पुनः जांच की मांग की।
पुनः की गई राजस्व विभाग की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि खसरा नंबर 273/2क की कुल 0.3080 हेक्टेयर भूमि स्कूल प्रयोजन के लिए दर्ज है। इसके बावजूद यहां अतिक्रमण होना न केवल स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि शासकीय भूमि की सुरक्षा किस हद तक ताक पर रख दी गई है।
अब सवाल यह है कि जब जांच रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, तो क्या प्रशासन दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करेगा? या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबाकर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? फिलहाल क्षेत्रवासी राजस्व विभाग और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर निगाहें टिकाए हुए हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.