कोरबा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन, आत्मनिर्भर भारत पर हुआ गहन मंथन


कोरबा। आशीर्वाद प्वाइंट, टी.पी. नगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला कोरबा द्वारा भव्य संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व, विचार और आत्मनिर्भर भारत पर चल रहे प्रयासों पर गहन मंथन किया गया।








कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक बिल्हा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन और उनके विचार आज भी भारतीय समाज और राजनीति के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने कहा, “दीनदयाल जी ने न केवल नीति और दर्शन का मार्ग दिखाया, बल्कि समाज की मूलभूत समस्याओं का समाधान भी सुझाया। उनका व्यक्तित्व और दृष्टिकोण आज के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक मार्गदर्शक हैं।”
आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित कार्यशाला में छत्तीसगढ़ शासन की कैबिनेट मंत्री, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उपस्थितों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “दीनदयाल जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि स्वदेशी वस्तुएं और स्थानीय उत्पादन ही राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को मजबूत कर सकते हैं। आज हमारे प्रयास इसी दिशा में हैं। आत्मनिर्भर भारत का सपना केवल नीति नहीं, बल्कि हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से साकार होगा। जीएसटी 2.0 के माध्यम से बढ़ी हुई क्रय शक्ति इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।”
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य प्रमुख नेताओं में पूर्व गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला प्रभारी श्री गोपाल साहू, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्री राजीव सिंह, महापौर श्री जोगेश लांबा, श्री नरेंद्र देवांगन, राजेन्द्र राजपूत, पदमिनी देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, रुकमणी नायर, लक्की नंदा, नवीन अरोड़ा, कमला बरेठ और कमला किण्डो सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी शामिल रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को आमजन तक पहुँचाना और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में समाज को जागरूक करना था। उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर दीनदयाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

