October 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ में पायलट के सारे पायलट प्रोजेक्ट फेल हुए : भाजपा प्रवक्ता डॉ. मिश्रा का कांग्रेस पर कटाक्ष

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी घमासान पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट यहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में पूरी तरह असफल साबित हुए हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सचिन पायलट के सारे “पायलट प्रोजेक्ट” छत्तीसगढ़ में एक-एक कर फेल हो रहे हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्वविहीन हो चली है और हर मौके पर उसकी पोल खुलती जा रही है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि लगातार दौरे पर रहने के बावजूद कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट अपने सामने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के आपसी संघर्ष को देखने को विवश हैं। वे अब तक प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी तक की घोषणा भी नहीं करा पाए हैं। उन्होंने कहा कि दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज उधार की कार्यकारिणी के भरोसे संगठन चला रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि हाल ही में हुई पोलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सचिन पायलट की मौजूदगी में ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के खिलाफ मोर्चा खोला था। इस एजेंडे को पूर्व मंत्री रवीन्द्र चौबे ने भी आगे बढ़ाया, लेकिन जिला अध्यक्षों की बैठक में बैज और बघेल समर्थकों के बीच जिस तरह टकराव हुआ, उससे साफ है कि अब कांग्रेस में “पीसीसी बनाम बीसीसी” (प्रदेश कांग्रेस कमेटी बनाम भूपेश कांग्रेस कमेटी) का नया सत्ता संघर्ष शुरू हो गया है।
डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि कोई किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। गुटबाजी और आपसी सिर-फुटौव्वल का आलम यह है कि प्रदेश के नेता ही इस द्वंद्व से नहीं निपट पा रहे हैं, तो ऐसे हालात में सचिन पायलट कैसे कांग्रेस की नैया पार लगाएंगे? भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का यह गुटीय घमासान अब राजनीतिक आपदा का रूप ले चुका है, जिससे पार्टी की साख और भी डगमगाती जा रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.