महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल : छत्तीसगढ़ में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण, कोरबा के कनबेरी में मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया उद्घाटन


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, 23 सितंबर 2025।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को प्रदेशभर में एक साथ 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया गया। यह महत्त्वाकांक्षी पहल महिलाओं के उत्थान, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली साबित होगी।







इसी क्रम में कोरबा जिले के जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम कनबेरी में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने महतारी सदन का विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर शुभारंभ किया।
मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि –
“महतारी सदन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें संगठित रूप से कार्य करने और स्वास्थ्य-सुविधाओं तक आसान पहुँच दिलाने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम है।”
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा महिलाओं को समाज की शक्ति मानते हुए उन्हें न सिर्फ सम्मान बल्कि अवसर दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।





कार्यक्रम में मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को जीएसटी सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि इन बदलावों से छोटे व्यवसायों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जनपद पंचायत के सदस्यगण, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने महतारी सदन जैसी जनहितैषी योजना के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल गाँव-गाँव में महिलाओं के जीवन को नई दिशा देगी।
गाँव की महिलाओं ने भी प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें एक सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जहाँ वे अपने विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर सकेंगी।

