प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं भगवान विश्वकर्मा जयंती पर नगर निगम द्वारा कटहल गार्डन में भव्य स्वच्छता अभियान, प्रमुख नेताओं ने किया सामूहिक संकल्प


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं सृष्टि के रचयिता भगवान विश्वकर्मा जी की पावन जयंती के अवसर पर नगर निगम कोरबा द्वारा “स्वच्छ भारत अभियान” के तहत विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायक कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन जी के निर्देशानुसार नगर निगम के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ निहारिका स्थित कटहल गार्डन में किया गया, जहाँ निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे जी एवं माननीय महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान की पूरी तैयारी एवं संचालन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारीगण, पार्षदगण, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने “ना गंदगी करेंगे, ना करने देंगे” का सामूहिक संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी ने मिलकर कटहल गार्डन में फैली गंदगी को बड़े उत्साह और समर्पण के साथ साफ किया। विशेष रूप से पार्क के विभिन्न हिस्सों में जमा कचरा, प्लास्टिक कचरा एवं अन्य अवशेष हटाए गए, ताकि इसे एक आदर्श, स्वच्छ एवं हरित स्थल के रूप में पुनः स्थापित किया जा सके।
नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की नींव है। मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री के निर्देशानुसार हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाना है। भाजपा वरिष्ठ नेता श्री देवेंद्र पांडे जी, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री राजीव सिंह जी, राज्य मंत्री सुश्री रितु चौरसिया जी, पार्षद श्री चंद्रलोक सिंह जी, एमआईसी सदस्य व पार्षद श्री हितानंद अग्रवाल जी, मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा जी, श्रीमती मंजू सिंह जी, श्रीमती अंजना सिंह जी सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखेंगे और समाज में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक जागरूकता फैलाएंगे। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम ने नागरिकों में स्वच्छता के प्रति नयी चेतना का संचार किया।
इस प्रकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव एवं भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर आयोजित यह स्वच्छता अभियान नगर निगम कोरबा के प्रति लोगों के विश्वास को और अधिक मजबूती प्रदान करता हुआ समाज में एक सशक्त संदेश बनकर उभरा।

