May 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा – बस्तर के विकास में कांग्रेस बन रही ब्रिज नहीं, बैरियर

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद श्री संतोष पांडेय ने शनिवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर, रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बस्तर क्षेत्र के विकास पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ की तस्वीर लगातार बदल रही है।
मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री संतोष पांडेय ने बताया कि बस्तर के विकास को लेकर भाजपा हमेशा संवेदनशील रही है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मध्यप्रदेश काल में भी बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर कई पहलें की गईं। उन्होंने याद दिलाया कि जब सुंदरलाल पटवा बस्तर के प्रभारी मंत्री थे, तब उन्होंने विकास की नींव रखी थी, लेकिन इसके बाद कांग्रेस ने उस दिशा में काम नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई बस्तर आए थे और विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी।
संतोष पांडेय ने कांग्रेस पार्टी और विशेष रूप से दीपक बैज पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र के औद्योगिक विकास को लेकर कांग्रेस हमेशा सवालों से बचती रही है। उन्होंने चुनौती दी कि दीपक बैज बताएं कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र लोहंडीगुड़ा में औद्योगिक विकास के लिए क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक बैज औद्योगिक विकास के विरोधी के रूप में जाने जाते हैं।

 

विधायक बैज के कार्यकाल के दौरान बस्तर क्षेत्र की औद्योगिक उपेक्षा पर प्रश्न उठाते हुए श्री पांडेय ने कहा, “बस्तर के विकास में कांग्रेस पार्टी हमेशा अवरोध पैदा करती रही है, जिसे जनता भलीभांति जानती है। कांग्रेस के उद्योग मंत्री होने के बावजूद भी बस्तर में औद्योगिक विकास क्यों नहीं हुआ? यह सवाल आज भी कांग्रेस के लिए चुप्पी की दीवार बना हुआ है।”
संतोष पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ की गई ‘कनेक्ट बस्तर’ योजना ने विकास की नई गति दी है और पूरे प्रदेश में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से अपील की कि वह भी बस्तर के विकास के लिए सकारात्मक भूमिका निभाए, बजाय राजनीतिक बँधनों में उलझे रहने के।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने संतोष पांडेय के विचारों का समर्थन किया और बस्तर के सतत विकास के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता जताई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.