नगर पालिका उपाध्यक्ष के विवादित बयान पर पार्षद राजकुमार सोनी का कड़ा विरोध, कहा- मेरे वार्ड में ध्वजारोहण का अधिकार केवल मेरा है


दंतेवाड़ा/किरंदुल।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ****/ लोह नगरी किरंदुल में व्यापारी संघ के चुनाव नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। ताजा विवाद नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी के एक वीडियो के कारण गरमा गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि वे आगामी पाँच वर्ष तक वार्ड क्रमांक 08 के सरकारी भवन में ध्वजारोहण करते रहेंगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और किरंदुल की राजनीति में हलचल मचा रहा है।
नगरपालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, जो कांग्रेस से हैं, ने एक कार्यक्रम के दौरान 15 अगस्त के मौके पर मेन मार्केट के मंगल भवन में ध्वजारोहण करने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि वे उपाध्यक्ष रहते हुए वार्ड 08 में इसी कार्य को अंजाम देंगे। जबकि वार्ड 08 का पार्षद राजकुमार सोनी भाजपा से हैं और अपने क्षेत्र में पारंपरिक रूप से भाजपा का प्रभाव रहा है।
इस बयान के खिलाफ पार्षद राजकुमार सोनी ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके वार्ड में ध्वजारोहण का अधिकार केवल उनके पास है। किसी भी अन्य पार्षद का अधिकार नहीं बनता कि वे मेरे वार्ड में आकर ध्वजारोहण करें। उन्होंने कहा –
“मैं अपने वार्ड में पाँच वर्षों तक पार्षद रहूंगा, लेकिन क्या उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी का पद भी निश्चित रूप से 5 साल तक बना रहेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। किसी भी पद पर रहते हुए जनप्रतिनिधि को मर्यादा में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए। उनके इस बयान की मैं कड़ी शब्दों में निंदा करता हूं।”
पार्षद राजकुमार सोनी ने यह भी कहा कि उपाध्यक्ष का कोई विशेष कार्यकारी अधिकार नहीं होता है। यदि बबलू सिद्दीकी को नगरपालिका अधिनियम की जानकारी नहीं है, तो वे इसे अच्छे से पढ़ लें।
इस बयान के बाद नगर पालिका परिसर में हलचल बढ़ गई है। स्थानीय जनता और राजनीतिक दलों के बीच बहस जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर और तीव्र बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।

