विकास की राह पर छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में अराजकता और भेदभाव का आरोप : विधायक सुशांत घोष


रायपुर, 12 सितम्बर 2025:
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल विधायक श्री सुशांत घोष ने पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ एक शांतिपूर्ण एवं समृद्ध प्रदेश है, जबकि पश्चिम बंगाल में अराजकता और अशांति का माहौल व्याप्त है। उन्होंने यह बात एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कही।
श्री घोष ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को देशभर में सफलता मिल रही है, लेकिन पश्चिम बंगाल सहित कुछ अन्य राज्यों में इसका उल्टा माहौल बनाकर दुष्प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा यह गलत प्रचार फैलाया जा रहा है कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाली समुदाय के साथ भेदभाव हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा विधायक सुशांत घोष, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, अभियान सदस्य श्यामाप्रसाद चक्रवर्ती व राजीव चक्रवर्ती ने अभनपुर विकासखंड स्थित पिपरौद कॉलोनी का दौरा किया। यह कॉलोनी बंगाली शरणार्थी समुदाय का आवास स्थल है। विधायक श्री घोष ने बंगाली समुदाय से बातचीत करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सभी योजनाएँ बिना भेदभाव के उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्थानीय निवासियों ने उन्हें मुख्यमंत्री की महतारी वंदन योजना, कृषि कल्याण योजना जैसी अनेक योजनाओं की उपयोगिता की जानकारी दी।
श्री सुशांत घोष ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर आधारित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को देश में लोकप्रियता सूची में दूसरे स्थान पर स्थान प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल, आईटी सेल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शांतनु सिन्हा, पूर्व एल्डरमैन हेमंत तारक, परगना धीवर समाज अध्यक्ष वेदव्यास तारक, नवापारा मंडल महामंत्री चेतन साहू, पूर्व जनपद सदस्य कमलनारायण साहू, पूर्व सरपंच वाई.के. साहू, वरिष्ठ कार्यकर्ता कार्तिक राजवंशी, सोसाइटी अध्यक्ष किसन साहू, सरपंच प्रतिनिधि भीखम साहू एवं नरेंद्र देव वर्मन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस दौरान उपस्थित सभी गणमान्यजनों ने छत्तीसगढ़ सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य के विकास की जो लहर चल रही है, वह देश के लिए प्रेरणास्पद है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में व्याप्त अराजकता की निंदा करते हुए देशभर में शांति व समरसता की कामना की।

