डीएमएफ से कोरबा को अरबों का लाभ, पर जिला सड़कों की जर्जर हालत पर नहीं हो रहा खर्च: भाजपा नेता झामलाल साहू ने मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री को लिखा पत्र
1 min read



कोरबा। कोरबा जिला में खनिज संपदा से अरबों रूपये का राजस्व लाभ प्राप्त होते हुए भी जिला की सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। भाजपा नेता श्री झामलाल साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी और प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव जी को 9 सितम्बर को पत्र लिखकर कोरबा सीतामणि गौमाता चौक से उरगा तक के सड़क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया है कि भारी मालवाहक वाहनों के चलते सड़क पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, बरसात में कीचड़ बना रहता है और बाकी दिनों में कोयला के चुरा व राखड की धूल उड़ती रहती है, जिससे आम जनता के आवागमन में भारी परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
भाजपा नेता झामलाल साहू ने कहा कि कोरबा जिला को एशिया की बड़ी कोयला खदानों, ताप विद्युत संयंत्र व एल्मुनियम संयंत्र के कारण ऊर्जा नगरी के नाम से जाना जाता है। इसके चलते डीएमएफ (District Mineral Foundation) से प्रतिवर्ष करोड़ों-अरबों रुपये का राजस्व लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि यदि डीएमएफ की राशि से प्रत्येक माह करीब एक लाख रुपये का खर्चा कोयला के चुरा व राखड की सफाई व सड़क की मरम्मत पर किया जाए, तो इस मार्ग की दशा व दिशा दोनों बदल जाएगी।
झामलाल साहू ने बताया कि भारी मालवाहक वाहनों के कारण न केवल सड़क का व्यापक नुकसान हुआ है, बल्कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बावजूद इसके, प्रशासनिक स्तर पर मरम्मत व सफाई कार्य को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर उचित कदम उठाने की अपील की है, ताकि जनता को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके और कोरबा जिले की पहचान के अनुरूप उचित सड़क सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।


