सी.पी. राधाकृष्णन जी के भारत के उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने माननीय श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी को भारत के उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राधाकृष्णन जी का यह गौरवपूर्ण चयन देश की लोकतांत्रिक परंपरा और संवैधानिक मूल्य प्रणाली की मजबूती का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एक प्रभावशाली नेता और कुशल प्रशासक के रूप में श्री राधाकृष्णन जी ने समाज की जड़ों से उठकर राष्ट्र के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँचकर यह सिद्ध कर दिया है कि ईमानदारी, दूरदर्शिता और जनसेवा का समर्पण ही राष्ट्र निर्माण की असली कुंजी है। उनका यह सफर देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त मिसाल बन गया है।
उन्होंने आगे कहा कि श्री राधाकृष्णन जी के नेतृत्व में न्याय, समानता और विकास के मूल्य नई ऊँचाइयों पर स्थापित होंगे। विशेष रूप से वंचित एवं हाशिए पर रहने वाले वर्गों के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय प्रगति को और सुदृढ़ बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह उपलब्धि उनके विश्वास, कठिन परिश्रम और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत के समान है।
अंत में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

