February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मुख्यमंत्री श्री साय ने खड़गे के बयान पर दिया करारा जवाब – कहा, मोदी जी राष्ट्र के सम्मान और प्रगति के प्रतीक हैं*

 

*खड़गे जी को अपने बयान के लिए देश की जनता से माँगनी चाहिए माफ़ी – मुख्यमंत्री श्री साय*

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 08 सितंबर 2025// कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को देश का दुश्मन बताने वाले विवादित बयान पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल निंदनीय है, बल्कि राष्ट्रहित के विरुद्ध भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोदी जी देश के दुश्मन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं के संरक्षक हैं।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज देश साक्षी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ भारतवासियों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का पूरा जीवन देशवासियों की सेवा को समर्पित है। वे दिन-रात 140 करोड़ भारतीयों की चिंता करते हैं और उनके लिए नई योजनाएँ, सुधार और कार्यक्रम लागू करते हैं। यही कारण है कि भारत ने वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व मान-सम्मान अर्जित किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरे एक दशक तक शासन किया, लेकिन उस दौरान भारत की अर्थव्यवस्था लगातार ठहरी रही और देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में केवल दसवें स्थान पर था। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने ऐतिहासिक छलांग लगाई है और आज पाँचवें से भी आगे बढ़कर चौथे स्थान पर पहुँचा है। यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों की एकता और विश्वास का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोदी जी की नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज आर्थिक, रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, डिजिटल अर्थव्यवस्था और अधोसंरचना के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की आवाज़ को दुनिया गंभीरता से सुन रही है और वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में हमारी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर बदल दी है। ये सब स्पष्ट करते हैं कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खड़गे जी का यह बयान न केवल आधारहीन है बल्कि राष्ट्र के गौरव को ठेस पहुँचाने वाला भी है। कांग्रेस के पास आज न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही कोई दृष्टि। इसलिए वे निराधार आरोपों और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। लेकिन जनता पूरी तरह जागरूक है और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की प्रगति स्वयं इसका जवाब दे रही है।

अंत में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि खड़गे जी को अपने इस बयान के लिए पूरे देश की जनता से माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व आज भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उनके कारण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है, देश आर्थिक महाशक्ति बना है और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में नई आशा जागी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरा देश मोदी जी के नेतृत्व पर गर्व करता है और आने वाले समय में उनका विज़न भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में ले जाएगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.