February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मध्यप्रदेश, ओड़िशा व गोवा सरकारों का बस्तर बाढ़ राहत में सहयोग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जताया आभार

 

 

एकजुटता की मिसाल, आपदा में सहयोग से बनता है मजबूत भारत’

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ****/ रायपुर/दंतेवाड़ा  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव ने बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ आपदा के कठिन समय में मध्यप्रदेश, ओड़िशा और गोवा की राज्य सरकारों द्वारा बस्तर पीड़ितों के लिए सहायता राशि और राहत सामग्री भेजने के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। श्री देव ने कहा कि यह सहयोग एक सकारात्मक उदाहरण है, जो यह दर्शाता है कि संकट की घड़ी में हम एकजुट होकर हर विपदा का सामना कर सकते हैं।
बस्तर संभाग में अत्यधिक वर्षा के कारण बीते माह बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। हजारों परिवार बेघर हुए, खेत-खलिहान जलमग्न हो गए और पशुधन समेत जन-धन को भी भारी नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा राहत और पुनर्वास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव ने विशेष रूप से बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं आवश्यक राहत सामग्री प्रदान करेगी। साथ ही ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण मांझी व गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने भी प्रभावित क्षेत्रों के लिए आर्थिक सहायता और राहत सामग्री भेजने की घोषणा की है। उन्होंने कहा,
“मध्यप्रदेश, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ केवल पड़ोसी राज्य नहीं, बल्कि आत्मीय रिश्तों से जुड़े परिवार हैं। यह सहयोग पीड़ितों के लिए संबल साबित होगा।”
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राहत कार्यों के अंतर्गत मकान क्षति, पशुधन हानि व फसल नुकसान का व्यापक सर्वेक्षण कर आरबीसी 6-4 के तहत स्वीकृत मुआवजा राशि प्रदान की जा रही है। अब तक मकान क्षति के 1694 प्रकरणों में कुल 8.81 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा वितरण किया जा चुका है। साथ ही, पशुधन क्षति व फसल नुकसान के 48 प्रकरणों में कुल 4.80 लाख रुपये मुआवजा वितरित किया गया है।
श्री देव ने राज्य सरकार और प्रशासन को सक्रियता से कार्य करने के लिए भी सराहा और कहा कि
“आपदा पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। इस चुनौतीपूर्ण समय में हर सहयोग बस्तरवासियों के पुनर्वास में सहायक साबित होगा।”
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने बाढ़ पीड़ितों के प्रति पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से भी अपील की कि वे आपदा पीड़ितों के पुनर्वास में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.