के एन कॉलेज में रजत जयंती समारोह की भव्य तैयारियां, रक्तदान शिविर व जॉब फेयर सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 9 से 12 सितंबर तक


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/कोरबा। उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार कमला नेहरू महाविद्यालय में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन चल रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि यह समारोह छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर 9 सितंबर को कमला नेहरू महाविद्यालय की रेड क्रॉस सोसायटी एवं रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान एवं रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक 19 व 20 में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राएं, प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा आम नागरिक शामिल होकर समाज सेवा का हिस्सा बन सकते हैं।
इसके बाद 12 सितंबर को महाविद्यालय में विशेष रूप से जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज जैसे अद्यतन रिज्यूम, शैक्षिक प्रमाण पत्र व पहचान पत्र साथ लाने अनिवार्य हैं।
रजत जयंती समारोह के तहत आयोजित अन्य प्रमुख कार्यक्रमों की श्रृंखला इस प्रकार है –
• 10 सितंबर को महाविद्यालय के ग्रन्थालय में पुस्तक मेला का आयोजन, जहाँ विभिन्न प्रेरणादायक व उपयोगी पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी।
• 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ @ 50 एवं विकसित छत्तीसगढ़ @ 2047 विषय पर सेमिनार-संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। साथ ही क्विज प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, रैली और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। यह सभी कार्यक्रम छात्रों में सामाजिक, शैक्षिक व सांस्कृतिक चेतना विकसित करने हेतु आयोजित किए जा रहे हैं।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपना सामाजिक दायित्व पूरा करें और ज्ञानवर्धन के साथ रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।
यह रजत जयंती समारोह केवल महाविद्यालय का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को जागरूकता, समाज सेवा, शिक्षा व करियर विकास की दिशा में प्रोत्साहित करने वाला समर्पित आयोजन है।

