February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाद्रपद पूर्णिमा पर माँ सर्वमंगला घाट में हसदेव आरती का भव्य आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजा

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा जिले की जीवनरेखा कही जाने वाली हसदेव नदी के संरक्षण और तट सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से कार्यरत नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा प्रत्येक मास की पूर्णिमा पर माँ सर्वमंगला घाट, कोरबा पर हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है। इसी श्रृंखला में भाद्रपद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 6 सितंबर 2025 को शाम 5 बजे भव्य हसदेव आरती संपन्न हुई।
यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणास्त्रोत बना। इस मौके पर समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिष्ठित व्यक्ति यजमान के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने इस पवित्र मुहिम को मजबूती प्रदान की।
मुख्य यजमान के रूप में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल ने आरती में भाग लिया। उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा, “मेरा जन्म ग्राम तरदा में हुआ। बचपन में हसदेव नदी में नहाया करता था और उसका निर्मल जल पीता था। परन्तु आज हसदेव नदी इतना प्रदूषित हो गया है कि नहाना तो दूर, पीना भी असंभव हो गया है। नमामि हसदेव सेवा समिति का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है, जिसमें भारतीय मजदूर संघ तन, मन और धन से सहयोग करेगा।”
विशिष्ट यजमानों में प्रदेश महामंत्री संस्कार भारती छत्तीसगढ़ हेमंत माहुलीकर, प्रदेश सचिव भारत विकास परिषद छत्तीसगढ़ नरेश कुमार अग्रवाल, प्रदेश प्रभारी महिला पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ सुश्री जया मिश्रा और प्रदेश मंत्री भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ सुश्री ऋतु चौरसिया ने भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
समिति ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनमानस में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की चेतना जाग्रत करने का माध्यम है। बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी, युवा, छात्र और श्रद्धालुजन सपरिवार उपस्थित होकर आरती में भाग लिया। सभी ने माँ हसदेव से स्वच्छ, निर्मल और सुरक्षित जल स्रोत की कामना की।
इस भव्य आयोजन ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने समिति की जन-जागरूकता मुहिम का समर्थन करते हुए स्वच्छ हसदेव नदी के संरक्षण का संकल्प लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.