February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा पुलिस लाइन में त्रासदी: तालाब में डूबे तीन मासूम, पुलिस परिवार में मातम

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा। जिले में एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब पुलिस लाइन कोरबा में निवासरत तीन पुलिस कर्मियों के बेटे तालाब में डूबकर असमय काल के गाल में समा गए। यह घटना ग्राम रिसदी स्थित तालाब की है, जहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान यह हादसा घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा अंचल के कोसाबाड़ी से रिसदी मार्ग पर स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी के तीन बच्चे अपने साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकटवर्ती ग्राम रिसदी के तालाब पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद बच्चे तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान अचानक गहराई में चले जाने से तीनों बच्चे डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक हादसे की खबर फैलते ही पुलिस लाइन कॉलोनी और पूरे पुलिस विभाग में कोहराम मच गया। हर तरफ शोक और गम का माहौल छा गया है। उच्च पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की।
नगर में इस घटना को लेकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। लोग परिवारजनों को ढांढस बंधा रहे हैं, वहीं गणेश प्रतिमा विसर्जन का पर्व मातम में बदल गया। पुलिस विभाग ने बताया कि घटना की संपूर्ण जानकारी ली जा रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.