भारत विकास परिषद के बैनर तले शिष्यों ने गुरुओं को किया नमन, शिक्षक दिवस पर हुआ गुरु वंदन छात्र अभिनंदन समारोह






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा। गुरु का हमारे जीवन में सर्वोच्च स्थान है। गुरु द्वारा दी गई शिक्षा से ही शिष्य अपने जीवन को संवारता है और सफलता की राह पर आगे बढ़ता है। इसी सम्मान और कृतज्ञता की परंपरा को निभाते हुए 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन लिटिल स्टेप्स कालीबाड़ी मुड़ापार कोरबा में किया गया।
यह कार्यक्रम स्कूल प्रबंधन तथा भारत विकास परिषद कोरबा एवं शक्ति स्वरूपा शाखा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत कर सबका दिल जीता। साथ ही शिष्यों ने अपने गुरुजनों की आरती उतारी, उपहार भेंट किए और आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय प्रमुख श्रीमती मधु पांडे, अध्यक्ष कमलेश यादव, उपाध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू, कोषाध्यक्ष प्रेम रामचंदानी, शक्ति स्वरूपा अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दानी, श्रीमती मीना पूरी और श्रीमती ललिता उपस्थित रहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यदि हम भारतीय संस्कृति की परंपरा को जीवन में अपनाते हुए आपसी व्यवहार को स्नेह और आदर से निभाते हैं, तो न केवल बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र निर्माण में भी हमारी भूमिका सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर लिटिल स्टेप्स स्कूल के संचालक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता और संस्कृति के गौरव से सराबोर रहा।





