March 28, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शिक्षक दिवस पर छत्तीसगढ़ से ‘मिशन अंतरिक्ष’ और ‘प्रोजेक्ट जय विज्ञान’ की उड़ान, बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण जगाने की पहल

 

रायपुर, 05 सितंबर 2025/
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास परिसर से स्कूली बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा जगाने के उद्देश्य से मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला प्रशासन रायपुर द्वारा इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन और विज्ञान भारती के साथ दो महत्वपूर्ण समझौते (MoU) किए गए। इनसे बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़ी नवीनतम जानकारियाँ और वैज्ञानिक गतिविधियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर देश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शुक्ला की यह सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक दृष्टि है। यह बच्चों में प्रश्न पूछने और तर्क करने की शक्ति पैदा करता है। प्रोजेक्ट जय विज्ञान के अंतर्गत आयोजित होने वाली कार्यशालाएँ, विज्ञान प्रदर्शनियाँ, प्रतियोगिताएँ और नवाचारी परियोजनाएँ बच्चों को नई खोजों और आविष्कारों की दिशा में प्रेरित करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से छत्तीसगढ़ के बच्चे केवल ज्ञान के उपभोक्ता नहीं रहेंगे, बल्कि नए विचारों और खोजों के सृजनकर्ता बनेंगे। यही आत्मनिर्भर भारत और विज्ञान-आधारित समाज की मजबूत नींव है।

 

ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश ने जो अवसर उन्हें प्रदान किया है, उसे नई पीढ़ियों तक पहुँचाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के मार्गदर्शन और पहल से ऐसे सार्थक आयोजन संभव हो पा रहे हैं। जब प्रदेश का नेतृत्व विज्ञान और शिक्षा को प्राथमिकता देता है, तो इसका प्रभाव बच्चों की सोच और सपनों पर सीधा पड़ता है।”
इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव कुमार सिंह, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और शिक्षक उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.