राहुल गांधी के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन – प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर राजधानी रायपुर में पुतला दहन


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की स्वर्गीय माता जी को लेकर कांग्रेस मंच से हुई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज प्रदेशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर के मेकाहारा चौक पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के नेतृत्व में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाज़ी करते हुए कांग्रेस पार्टी पर गम्भीर आरोप लगाए और कहा कि प्रधानमंत्री जी के सम्मान से जुड़ा कोई भी अपमान देश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि –
> “कांग्रेस और उसके नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते रहे हैं। लेकिन हर बार देश की जनता ने प्रधानमंत्री का साथ दिया है और कांग्रेस के झूठ व भ्रमजाल को नकारा है। बिहार के दरभंगा में भरे मंच से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री जी की दिवंगत माता जी पर टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है। राहुल गांधी को इस पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगर ऐसी टिप्पणियों का विरोध नहीं करते और मंच पर मौन बने रहते हैं, तो यह उनकी सहमति ही मानी जाएगी।
इस विरोध प्रदर्शन में रायपुर शहर भाजयुमो जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, महामंत्री सत्यम दुवा, अकबर अली, अमित मैशरी, गोविंदा गुप्ता, अर्पित सूर्यवंशी, राहुल राय सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

