कोरबा नगर निगम करेगा 3 दिवसीय रामलीला मेला व दशहरा उत्सव का भव्य आयोजन – महापौर संजू देवी राजपूत की पहल पर मेयर इन काउंसिल ने लिया ऐतिहासिक निर्णय


कोरबा, 29 अगस्त 2025। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा इस वर्ष दशहरा पर्व पर 03 दिवसीय रामलीला मेला एवं दशहरा उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस उत्सव का आयोजन 30 सितंबर, 01 अक्टूबर और 02 अक्टूबर को किया जाएगा। इस संबंध में निगम की मेयर इन काउंसिल (एम.आई.सी.) की बैठक में सर्वसम्मति से ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।
नगर निगम मुख्यालय साकेत स्थित सभाकक्ष में सम्पन्न बैठक की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की तथा आयुक्त आशुतोष पाण्डेय विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महापौर ने कहा –
“मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श सर्वकालिक और सार्वभौमिक है। रामलीला मेला एवं दशहरा उत्सव का आयोजन हमारे लिए गौरव की बात है। इससे समाज को संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा और नई पीढ़ी अपने आदर्शों को आत्मसात कर सकेगी।”
मेयर इन काउंसिल के सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए आयोजन को भव्य स्वरूप देने पर सहमति जताई। यह पहली बार होगा जब नगर निगम स्वयं इस उत्सव का आयोजन करेगा।
यूपीएससी मेन्स पास अभ्यर्थियों को मिलेगा 1 लाख का महापौर सम्मान
बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 लाख रुपये महापौर सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। यह प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ।
नगर विकास से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी
बैठक में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें प्रमुख हैं –
वार्ड क्रमांक 12 में मिनी गार्डन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण
बुधिया पेट्रोल पंप से गांधी चौक तक आरसीसी नाली निर्माण
वार्ड क्रमांक 39 और 38 में सामुदायिक भवन निर्माण
वार्ड क्रमांक 17 ढोढ़ीपारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण
शहर में प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट स्थापना एवं साफ-सफाई कार्यों की स्वीकृति
सालिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए विस्तृत योजना और कंसल्टेंट की नियुक्ति
नगर निगम के रिक्त भवनों के आबंटन, दूरसंचार कंपनियों के भूमिगत केबल पर करारोपण, उद्यानिकी कार्य के लिए श्रमिक प्रदाय दर निर्धारण आदि।
बैठक में उपस्थित
बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, अजय कुमार चन्द्रा, फिरतराम साहू, सरोज शांडिल्य, उर्वशी राठौर, धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, भानुमति जायसवाल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी, लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी रावेंद्र सिंह, संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

