February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर का बड़ा आरोप – कांग्रेस का असली चेहरा आदिवासी विरोधी, जोगी से बैज तक नेताओं को किया अपमानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर मचे घमासान के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा नहीं किया और जब-जब आदिवासियों को नेतृत्व का अवसर मिला, उन्हें अपमानित करने में कांग्रेस ने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।

श्री ठाकुर ने कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी से लेकर कवासी लखमा, मोहन मरकाम और अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तक—हर स्तर पर कांग्रेस का आदिवासी विरोधी राजनीतिक चरित्र उजागर होता रहा है। कांग्रेस में आदिवासी जनप्रतिनिधि हमेशा शोषित और उपेक्षित रहे हैं।”

उन्होंने पूर्व मंत्री रवीन्द्र चौबे द्वारा नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दिए गए बयान को भी सोची-समझी रणनीति बताया। उनका कहना था कि यह बयान कांग्रेस हाईकमान की मंशा के अनुरूप है, और देर-सवेर मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदला जाना तय है। “यह बात साफ है कि कांग्रेस आदिवासी नेतृत्व को स्वीकार ही नहीं करना चाहती,” उन्होंने कहा।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का विरोध करने से लेकर उनके खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने तक, कांग्रेस ने आदिवासियों का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। साथ ही, उन्होंने याद दिलाया कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने पहला मुख्यमंत्री नियुक्त किया, तो खुद भूपेश बघेल ने उन्हें “फर्जी आदिवासी” कहकर अपमानित किया।

श्री ठाकुर ने 2018 की भूपेश बघेल सरकार को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि अनेक पढ़े-लिखे आदिवासी विधायक होते हुए भी एक अनपढ़ व्यक्ति को आबकारी मंत्री बनाया गया। यह कांग्रेस की सोच का प्रतीक है कि वह आदिवासियों को हमेशा अशिक्षित दिखाना चाहती है। “कांग्रेस ने उस समय केवल दिखावे के लिए आदिवासी को मंत्री बनाया और उसके माध्यम से भ्रष्टाचार कराया, जिसका परिणाम है कि वह आदिवासी नेता आज जेल में है,” उन्होंने कहा।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि कांग्रेस का असली मकसद यही रहा है कि आदिवासी न पढ़ें, न लिखें और न ही अपने हक की आवाज बुलंद करें। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम जैसे सशक्त आदिवासी नेता को भी अंततः कांग्रेस का मोह त्यागना पड़ा।

श्री ठाकुर ने अंत में कहा –
“कांग्रेस हर स्तर पर आदिवासियों का शोषण करती आई है। उसका राजनीतिक चरित्र आदिवासी विरोधी है। कांग्रेस चाहती है कि आदिवासी समाज कभी शिक्षित न हो और न ही अधिकारों के लिए मुखर हो सके। यही कारण है कि कांग्रेस बार-बार आदिवासी नेतृत्व का अपमान कर रही है।”

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.