महापौर संजू देवी राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में कोरबा में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन, हजारों लोगों ने लिया निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श


कोरबा। राम जानकी मंदिर परिसर आज स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता का केंद्र बना। यहां आयोजित जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली और आकर्षक बना दिया।





मेले में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और आयुर्वेद, योग, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया। जांच और परामर्श के साथ ही लोगों को रोगों से बचाव, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. उदय शर्मा, डॉ. अमित जटवार, डॉ. सपना मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने समर्पित भाव से लोगों का परीक्षण किया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, श्री अशोक सिंह और श्री अवधेश सिंह ने इस पहल को ग्रामीण अंचलों और आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि आयुष स्वास्थ्य मेला न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का माध्यम है, बल्कि यह लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक चिकित्सा की ओर प्रेरित करने वाला एक सशक्त अभियान है। उन्होंने आयुष विभाग और चिकित्सकों की टीम की सराहना करते हुए इसे कोरबा जिले के लिए गौरव की पहल बताया।
यह मेला ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ। लोगों में उत्साह और संतोष देखकर यह स्पष्ट हुआ कि इस तरह के आयोजन समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

