“महापौर संजू देवी राजपूत ने दिखाई हरी झंडी, कोरबा से 36 श्रद्धालु हुए अयोध्या धाम रवाना”


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम यात्रा’ के अंतर्गत आज कोरबा नगर पालिक निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष बस यात्रा का शुभारंभ किया गया। नगर निगम भवन प्रांगण से महापौर संजू देवी राजपूत ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस विशेष यात्रा में नगर के विभिन्न वार्डों से चयनित कुल 36 श्रद्धालु शामिल हुए हैं, जिन्हें अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन का सुअवसर मिलेगा। कार्यक्रम में महापौर के साथ भाजपा नेता और मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल, पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद धनकुमारी गर्ग, पार्षद अजय गोड़, पूर्व पार्षद दीपक यादव एवं पार्षद रामकुमार साहू सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महापौर संजू देवी राजपूत ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अयोध्या धाम की यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक लाभ प्रदान करेगी, बल्कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी देगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे हजारों श्रद्धालुओं का जीवन आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने यात्रियों के मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की। श्रद्धालु भी इस अवसर पर भावविभोर दिखाई दिए और निगम के इस आयोजन की सराहना की।

