August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“पत्थलगांव में संभागीय अग्रवाल महासभा का शपथ ग्रहण समारोह, मुख्य अतिथि बने कोरबा के गौरव अशोक मोदी”

1 min read

पत्थलगांव/सरगुजा। सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अंतर्गत आने वाली 28 सभाओं की कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 17 अगस्त 2025 को पत्थलगांव में आयोजित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर कोरबा के प्रतिष्ठित व्यवसायी, धार्मिक-सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके मुख्य आतिथ्य में यह ऐतिहासिक कार्यक्रम सम्पन्न होना कोरबा नगर के लिए गौरव का विषय माना गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चरणसिंह अग्रवाल (संस्थापक अध्यक्ष), राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल (पूर्व संभागीय अध्यक्ष), गौरीशंकर अग्रवाल (पूर्व संभागीय अध्यक्ष), कश्मीरी लाल अग्रवाल (पूर्व संभागीय अध्यक्ष) एवं श्रीनिवास अग्रवाल (निवृत्तमान अध्यक्ष) शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर से पधारे सुनील रामदास ने की।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर संभागीय अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पद पर पवन अग्रवाल (पत्थलगांव) एवं महामंत्री पद पर सुनील अग्रवाल (सूरजपुर) को मनोनीत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि अशोक मोदी ने मंच से सभी 28 सभाओं की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्री मोदी ने कहा कि अग्रवाल समाज की प्रेरणा पुंज महाराजा अग्रसेन जी महाराज के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। श्री मोदी ने विश्वास जताया कि संभागीय अग्रवाल महासभा की यह नई टीम समाज के उत्थान और प्रगति की राह में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सामाजिक एकता एवं सहयोग की भावना के साथ समारोह का समापन हुआ।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.