कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की तत्परता से टला हादसा, कॉलेज रोड पर धंसी सड़क की तत्काल मरम्मत
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कटघोरा। नगर के कॉलेज के पास मुख्य सड़क अचानक धंस जाने से बड़ा गड्ढा बन गया था, जिससे आने-जाने वालों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने इस समस्या की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष को दी। मंडल अध्यक्ष ने तुरंत इस विषय में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल को अवगत कराया।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना समय गंवाए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए। विधायक की तत्परता और विभाग की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही समय में सड़क की मरम्मत कर दी गई और गड्ढे को भरकर आवागमन को फिर से सुरक्षित बना दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक प्रेमचंद पटेल की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो यहां किसी बड़े हादसे की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता था।


