बालको में आंकड़ों की शक्ति से प्रचालन में क्रांति — सांख्यिकीय विश्लेषण बना गुणवत्ता, दक्षता और नवाचार का आधार




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 29 जून 2025 — भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर यह संदेश दिया कि आंकड़े केवल संख्याएं नहीं, बल्कि गुणवत्ता, दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में उठाए गए हर कदम का मजबूत आधार हैं। बालको ने अपने उत्पादन और प्रचालन प्रणाली में सांख्यिकीय विश्लेषण और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को पूरी तरह समाहित कर लिया है, जिससे उसने तकनीकी श्रेष्ठता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व में उल्लेखनीय प्रगति की है।

एल्यूमिनियम उत्पादन एक अत्यधिक जटिल और सटीकता-आधारित प्रक्रिया है, जिसमें बॉक्साइट की खुदाई से लेकर कास्टिंग तक कई स्तरों पर निगरानी आवश्यक होती है। इस प्रक्रिया में आंकड़ों का कुशल प्रबंधन और विश्लेषण अब बालको के लिए एक रणनीतिक साधन बन चुका है।
बालको के प्रोसेस कंट्रोल प्रमुख अभिषेक पटेल के अनुसार, “पॉट रूम एक जटिल प्रणाली की तरह काम करता है, जिसमें तापमान, वोल्टेज, कच्चे माल का इनपुट और धातु की शुद्धता जैसे मानकों की लगातार निगरानी की जाती है। सांख्यिकीय विश्लेषण हमें तकनीकी स्थिरता बनाए रखने और उच्च गुणवत्ता के साथ अधिकतम उत्पादन सुनिश्चित करने में सहायता करता है।”

कर्मचारी करिवेदा श्रीकांत ने बताया कि, “डेटा मॉनिटरिंग हमारे दैनिक कार्य का अनिवार्य हिस्सा है। स्मेल्टर्स की मिनट-दर-मिनट निगरानी से हम उत्सर्जन को नियंत्रित रखते हैं, जिससे पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ कार्यस्थल भी अधिक सुरक्षित बना है।”
डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्रमुख नवदीप अग्रवाल ने कहा कि, “डेटा इंटीग्रेशन और रियल-टाइम एनालिटिक्स ने बालको के कार्यप्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है। अब हम प्रीडिक्टिव मेंटेनेंस और फास्ट डिसीजन मेकिंग के जरिए न केवल मशीनों के ठप समय को घटा रहे हैं, बल्कि उत्पादन क्षमता और उत्पाद की गुणवत्ता को भी नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।”

बालको ने आंकड़ों के माध्यम से अपने कार्बन फुटप्रिंट को भी कम किया है, जिससे कंपनी हरित उत्पादन और सतत विकास की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। रियल-टाइम मॉनिटरिंग, सांख्यिकीय मॉडलिंग और प्रेडिक्टिव एनालिसिस जैसे नवाचार अब बालको की पहचान बन चुके हैं।
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के मौके पर बालको ने यह दोहराया कि आंकड़े केवल रिपोर्ट नहीं, बल्कि संचालन की रीढ़ हैं। यह संगठन को “शून्य हानि”, उत्कृष्ट प्रचालन और एक सतत भविष्य की ओर प्रेरित करते हैं।
बालको का यह कदम न केवल औद्योगिक दक्षता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि सांख्यिकी के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व को भी सशक्त रूप से रेखांकित करता है।


