‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की पहली वर्षगांठ : भारत की सैन्य शक्ति और मोदी की निर्णायक नीति का प्रतीक बना ऐतिहासिक अभियान — किरण देव



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – “अब नया भारत आतंक के खिलाफ सिर्फ चेतावनी नहीं देता, बल्कि घर में घुसकर जवाब देना भी जानता है”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। वैश्विक आतंकवाद के विरुद्ध भारत की निर्णायक सैन्य कार्रवाई के प्रतीक बने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना के अदम्य साहस को नमन करते हुए इसे “राष्ट्र गौरव, सैन्य पराक्रम और आत्मविश्वासी भारत” का स्वर्णिम अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना ने अपने शौर्य, रणनीति और अद्वितीय साहस से पूरी दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दे दिया था कि अब भारत अपनी सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्णायक नेतृत्व और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का जीवंत उदाहरण था। मोदी सरकार ने सेना को खुली छूट देकर यह साबित कर दिया कि भारत अब हर चुनौती का जवाब उसी की भाषा में देना जानता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत कमजोर प्रतिक्रिया देने वाला नहीं, बल्कि दुश्मन के घर में घुसकर प्रहार करने की क्षमता रखने वाला आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र बन चुका है।
श्री देव ने भारतीय सेना की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों, सटीक रणनीति और अद्भुत समन्वय के साथ हमारे जांबाज सैनिकों ने जिस प्रकार इस मिशन को अंजाम दिया, वह विश्व सैन्य इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो चुका है। भारतीय सैनिकों के इस शौर्य ने 140 करोड़ देशवासियों के मन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा का संचार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आधुनिक हथियार, अत्याधुनिक तकनीक और मजबूत सैन्य नीति ने देश को वैश्विक मंच पर निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ ने यह सिद्ध कर दिया कि भारत अब केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र विरोधी ताकतों को उनकी ही जमीन पर करारा जवाब देने में सक्षम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की पहली वर्षगांठ केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। यह दिन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा परिवार की ओर से भारतीय सेना के सभी वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ भारत आज विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहाँ दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर है।


