“राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 में सफाई व्यवस्था ठप, एमआईजी-5 के घरों में घुसा बारिश का पानी”
1 min read



कोरबा, वार्ड क्रमांक 31।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। गंदगी और मलबे से अटी पड़ी नालियों के कारण बारिश का पानी अब लोगों के घरों में घुसने लगा है। बीते दिन की बारिश में एमआईजी-5 नंबर के कई घरों के भीतर पानी भर गया, जिससे रहवासियों को भारी नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एमआईजी-1 से लेकर एमआईजी-15 तक की सभी नालियाँ महीनों से साफ नहीं हुई हैं। तीन-चार महीने से सफाई कार्य नदारद है और गलियों में झाड़ू तक नहीं लगाई जा रही। नालियों में इतना मलबा और कचरा भर गया है कि पानी की निकासी पूरी तरह से बंद हो चुकी है। हालात यह हैं कि हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं।
एमआईजी-5 की स्थिति सबसे अधिक खराब है, जहां नाली से निकला भारी मलबा सड़कों पर फैल गया है और नाली का पानी घरों में घुसने लगा है। लोगों ने बताया कि अगर अभी से सफाई नहीं हुई तो आगामी बरसात में हालात और भयावह होंगे।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और वार्ड पार्षद से मांग की है कि—
तुरंत विशेष सफाई अभियान चलाया जाए,
नालियों से मलबा हटाया जाए,
नियमित सफाई की व्यवस्था बहाल की जाए।
इस उपेक्षा से न सिर्फ लोगों की दिनचर्या बाधित हो रही है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।







