August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कोरबा को देंगे 223 करोड़ से अधिक की विकास सौगात, 66 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे

1 min read

कोरबा, 11 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 12 जून को कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे और इस अवसर पर वे जिलेवासियों को 223 करोड़ 88 लाख 41 हजार रुपये से अधिक लागत की कुल 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें से 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और 50 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया जाएगा। यह विकास कार्य विभिन्न विभागों के माध्यम से संपन्न होंगे, जिनमें अधोसंरचना, स्वास्थ्य, जल, शिक्षा, ऊर्जा तथा नगरीय सुविधाओं से संबंधित योजनाएं प्रमुख हैं।

 

मुख्यमंत्री श्री साय रिस्दी पुलिस लाइन के पास नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का लोकार्पण भी करेंगे।

लोकार्पण की जाने वाली 16 परियोजनाओं में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 15 करोड़ 06 लाख 77 हजार रुपये के 11 कार्य, स्वास्थ्य विभाग द्वारा भैसमा, कुदमुरा एवं पसान में 75-75 लाख की लागत से नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण, नगर निगम कोरबा द्वारा 3 करोड़ 58 लाख की लागत से स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी परिसर में भवन निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य, तथा क्रेडा विभाग के माध्यम से 3 करोड़ 20 लाख 70 हजार 920 रुपये की लागत से 47 छात्रावासों/आश्रमों में 2.4 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर संयंत्र की स्थापना शामिल है।

भूमिपूजन और शिलान्यास की जा रही 50 परियोजनाओं में सबसे अधिक लागत के कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा संपन्न किए जाएंगे, जिसकी कुल अनुमानित लागत 166 करोड़ 07 लाख 27 हजार रुपये है। इसमें पुल-पुलिया, सड़क निर्माण, भवन निर्माण, तथा संपर्क मार्गों के कार्य शामिल हैं।

नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा डीएमएफ, 15वें वित्त और अन्य योजनाओं के तहत नगर निगम कोरबा और नगर पालिका परिषद दीपका में 15 करोड़ 38 लाख 85 हजार रुपये की लागत से 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 100 टीपीडी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत दर्री क्षेत्र में बस डिपो निर्माण, अस्पतालों में एसएनसीयू हॉल, प्रशिक्षण हाल, तालाबों में जलसंवर्धन, पेयजल सर्विस कनेक्शन और नाली निर्माण शामिल हैं।

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के तहत जिला खनिज न्यास मद से 3 करोड़ 72 लाख 08 हजार रुपये की लागत से 7 कार्यों का भूमिपूजन होगा, जिनमें ट्रेनिंग हॉल, प्रयोगशाला कक्ष, स्कूल भवन, उपस्वास्थ्य केंद्र भवन, खाद भंडारण केंद्र एवं पुलिया निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 79 लाख 32 हजार की लागत से तेंदुभाठा एनीकट, 2 करोड़ 89 लाख 13 हजार से डोमनाला स्टॉपडेम, तथा 3 करोड़ 2 लाख 25 हजार की लागत से मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र में स्थित विश्राम भवन का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

अन्य प्रमुख कार्यों में 1 करोड़ 19 लाख 78 हजार की लागत से पोंड़ी उपरोड़ा से लेपरा मार्ग के पुनर्निर्माण सहित रिटर्निंग वॉल, 2 करोड़ 68 लाख 89 हजार 100 रुपये से विभिन्न स्थलों में 50 सोलर हाईमास्ट लाइट्स की स्थापना, तथा 2 करोड़ 14 हजार 350 रुपये की लागत से 50 उपस्वास्थ्य केंद्रों में 1.2 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर संयंत्र की स्थापना शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री साय के इस प्रवास से कोरबा जिले के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राप्त होगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.