कोरबा में कन्वेंशन हॉल का नामकरण ‘पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर जी’ के नाम पर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में भव्य आयोजन




कोरबा, 11 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा में नव निर्मित कन्वेंशन हॉल का नाम पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर जी के नाम पर रखे जाने एवं उनकी प्रतिमा के अनावरण हेतु एक भव्य नामकरण व अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री के आगमन पर समारोह की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थल का अवलोकन किया गया और सभी जरूरी पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। यह अवसर कोरबा जिले के लिए गर्व का विषय बना, जिसमें अपनी गौरवशाली धरोहर और संस्कृति को सम्मानित किया गया।

समारोह में भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कोरबा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण, एवं भाजपा के अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की उन महान विभूतियों में से हैं, जिन्होंने शासन को जनसेवा का माध्यम बनाया और संस्कृति, धर्म, शिक्षा एवं न्याय की स्थापना के लिए अपने जीवन को समर्पित किया। कन्वेंशन हॉल को उनके नाम समर्पित करना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करेगा।


