February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“जनता के नाम समर्पित जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा के कार्यालय का शुभारंभ, वरिष्ठ मतदाता भोग सिंह कंवर ने किया उद्घाटन”

कोरबा, 6 जून 2025/
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  जनपद पंचायत करतला के जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन हेतु निज निवास पर जनसम्पर्क कार्यालय की स्थापना की है। इस नवीन कार्यालय का शुभारंभ जनपद क्षेत्र के वरिष्ठ मतदाता एवं ग्राम कचोरा (बिरतराई) निवासी भोग सिंह कंवर द्वारा फीता काटकर किया गया।

शुभारंभ अवसर पर सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनपद क्षेत्र से नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भोग सिंह कंवर ने कहा—

> “यह कार्यालय जनसेवा के लिए स्थापित किया गया एक सराहनीय कदम है। इससे आम जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर होगा और क्षेत्र में प्रशासनिक पहुँच सशक्त होगी।”

 

जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस कार्यालय की स्थापना का उद्देश्य यह है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनकी वापसी सेवा के संकल्प के साथ हुई है, और यह कार्यालय उसी संकल्प का एक माध्यम है।

झा ने बताया कि उन्होंने कार्यालय का शुभारंभ किसी विशेष नेता या अधिकारी से न करवाकर जनता के एक प्रतिनिधि— वरिष्ठ एवं सम्माननीय मतदाता भोग सिंह कंवर से करवाया, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि यह कार्यालय जनता के लिए और जनता के माध्यम से संचालित होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्राम सभाओं को सशक्त करना है। उन्होंने बताया कि ग्रामसभा ही वह मंच है जहाँ पर आवास योजना या अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिए पात्र लोगों के नाम तय होते हैं। इसलिए उन्होंने जनपद कार्यों में ग्रामसभा की स्वीकृति को सबसे आवश्यक माना है।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन मयूर पारीक द्वारा किया गया।

जनपद उपाध्यक्ष का यह कार्यालय अब आम जनता के लिए खुला रहेगा, जहाँ वे अपनी समस्याएं एवं योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.