“कोरबा में नवनिर्मित कन्वेंशन हॉल का नाम देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखने का प्रस्ताव, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने मुख्यमंत्री से की भेंट”





त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। समाज सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की प्रतीक पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर कोरबा में नवनिर्मित कन्वेंशन हॉल का नामकरण उनके नाम पर करने का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आया है। यह प्रस्ताव भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी द्वारा रखा गया, जिसे लेकर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास में सौजन्य भेंट की।
गोपाल मोदी ने मुख्यमंत्री को सुझाव देते हुए कहा कि कोरबा में निर्मित कन्वेंशन हॉल का नाम “पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर कन्वेंशन हॉल” रखा जाए, ताकि समाज में उनके योगदान और त्याग की स्मृति जीवित रह सके। देवी अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में जनकल्याण और न्याय की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी आदर्श मानी जाती है।
भेंट के दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इस कन्वेंशन हॉल के नामकरण के साथ-साथ उसके लोकार्पण हेतु भी समय निर्धारित करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए विषय पर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोकसेवकों के नाम को सार्वजनिक परिसरों से जोड़ना हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करता है।
इस अवसर पर भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी गोपाल मोदी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया।


