July 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान का किया निरीक्षण, संस्थागत प्रसव और स्वच्छता पर दिया विशेष जोर

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 28 मई 2025 — जिले के कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आम नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, महिला एवं पुरुष वार्ड, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला सहित स्वास्थ्य केंद्र के सम्पूर्ण परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, शत-प्रतिशत सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने, और केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वसंत ने स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर्मचारियों की स्वीकृत, पदस्थ और रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने को कहा। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता निरंतर बनी रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के लिए मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। कलेक्टर ने डीएमएफ मद से की गई नियुक्तियों की समीक्षा करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, एसडीएम श्री तुलाराम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर द्वारा किया गया यह निरीक्षण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.