March 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“स्काई वॉक पर कांग्रेस की बाधाएं उजागर, अब पुरानी मंजूरी की राशि से होगा निर्माण: राजेश मूणत”

 


स्काई वॉक परियोजना को लेकर पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बड़ा बयान – कांग्रेस के शासन में अड़चनें, अब पूर्व स्वीकृत बजट से आगे बढ़ेगा काम

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा /***/ रायपुर राजधानी रायपुर के बहुचर्चित स्काई वॉक परियोजना को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। रायपुर पश्चिम से भाजपा विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्काई वॉक जैसे ड्रीम प्रोजेक्ट को कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर बाधित किया, लेकिन अब भाजपा सरकार द्वारा इसके लिए पूर्व में स्वीकृत बजट में से ही 37 करोड़ रुपये जारी कर इसे आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी गई है।

श्री मूणत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह परियोजना राजधानी के नागरिकों के लिए बेहद आवश्यक है। इससे पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी, ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि 2016-17 में डॉ. रमन सिंह की सरकार ने स्काई वॉक के लिए बजट में प्रावधान किया था और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत टेंडर और सर्वे कराकर काम शुरू कराया गया। शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक और जेल तिराहे तक पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए यह योजना बनाई गई थी। सर्वे के बाद कई प्रस्तुतिकरण हुए, जिसमें उस समय के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया और सुझाव दिए।

विधानसभा में कांग्रेस ने नहीं उठाया कोई सवाल
राजेश मूणत ने कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इस योजना की नींव रखी गई और काम शुरू हुआ, तब कांग्रेस ने कभी भी विधानसभा में इसका विरोध नहीं किया, कोई प्रश्न नहीं उठाया। लेकिन 2018 में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने इसे रोक दिया।

उन्होंने बताया कि भूपेश सरकार ने स्काई वॉक की तीन बार जांच करवाई, लेकिन हर बार योजना को क्लीन चिट मिली और कहीं भी भ्रष्टाचार के संकेत नहीं मिले। इसके बावजूद योजना को रोकना यह दर्शाता है कि कांग्रेस की मंशा विकास नहीं, राजनीति करने की थी।

अब कोई नया बजट नहीं – पुरानी स्वीकृति से ही जारी हुआ कार्य
श्री मूणत ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार ने जो 37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, वह किसी नए बजट का हिस्सा नहीं, बल्कि पूर्व की स्वीकृति का ही हिस्सा है। कांग्रेस द्वारा लागत बढ़ाने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि लागत में वृद्धि की जिम्मेदारी भी कांग्रेस सरकार की है, जिसने काम को समय पर नहीं होने दिया।

हमने छत्तीसगढ़ बनाया है, हम ही संवारेंगे”
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले ही राजधानी में यातायात सुधारने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया था, और स्काई वॉक भी उसी दृष्टिकोण का हिस्सा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिर्फ कागजों में योजनाएँ बनाई, बिना सर्वे और बिना बजट प्रावधान के घोषणाएं कीं, जिससे जनता को गुमराह किया गया।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, तथा सोशल मीडिया सह प्रभारी मितुल कोठारी भी मौजूद रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.