March 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“जिल्गा में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती, सामाजिक एकता व जागरूकता का दिया संदेश

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  ग्राम जिल्गा में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम व सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई गई। यह आयोजन राठिया (कंवर) विकास समिति कोरबा एवं ग्रामवासी जिल्गा के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे रामपुर विधानसभा के विधायक श्री फूलसिंह राठिया, जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “बाबा साहब द्वारा दिलाए गए अधिकारों को केवल समझें नहीं, बल्कि जीवन में अपनाएं।” उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर बल दिया और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति व सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती हरावती/महाप्रसाद राठिया ने की एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, जिन्होंने बाबा साहब के विचार को उद्धृत करते हुए कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है जिसे जो जितना पिएगा, उतना दहाड़ेगा।”

 

चंद्रवंशी कंवर राठिया समाज उत्थान समिति हाटी के अध्यक्ष श्री दुर्गाप्रसाद राठिया ने समाज को बाबा साहब के विचारों से जागरूक करने की अपील की, वहीं समिति के केंद्रीय सचिव श्री मानसिंह राठिया ने संविधान को मानव समाज की रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि यह समाज के हर वर्ग की रक्षा करता है।

आर.के.वी.एस. जिलाध्यक्ष दुबराज सिंह राठिया ने अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून की महत्ता पर प्रकाश डाला और इसके कड़ाई से पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों से अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत जयकारा रैली से हुई जिसमें ग्राम बैगाओं व देवरास के बैगाओं ने ठाकुरदेव व डॉ. अंबेडकर जी का पूजन कर श्रद्धांजलि दी। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों से किया गया – तिलक, पीला चावल, पीला गमछा और पगड़ी के साथ।

बीच-बीच में ग्राम चचिया, घोंटमार व जिल्गा की बालिकाओं ने आकर्षक सुआ व पंथी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। परंपरा अनुसार, कार्यक्रम के अंत में ठाकुरदेव, कलश व बाबा साहब का तैलचित्र ग्रामवासियों को सौंपा गया।

समारोह का संचालन रामलाल राठिया (खुंटाकुड़ा) ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य जन, सरपंचगण, बीडीसी सदस्य, समाज के पदाधिकारी एवं महिला प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विशेष धन्यवाद श्री ऋषि राठिया द्वारा समस्त अतिथियों, ग्रामवासियों व आयोजन समिति को उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.