March 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“बाबा साहब की 135वीं जयंती पर संविधान निर्माता को दी गई श्रद्धांजलि, ओपन थियेटर मैदान का नामकरण भीमराव अंबेडकर के नाम पर”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/    कोरबा नगर के घंटाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान में संयुक्त आयोजन समिति द्वारा विश्व रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री श्री देवांगन ने बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

संविधान निर्माता के योगदान को किया याद
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि बाबा साहब का संविधान निर्माण में योगदान अमूल्य है। उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में जो कार्य किए हैं, वे आज भी देश को एकजुट रखने में सहायक हैं। उन्हीं की बदौलत देश के प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ है और आज हर वर्ग स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के विचारों को सम्मान देने का कार्य किया है। देशभर में डॉ. अंबेडकर से जुड़े स्थानों को स्मारक के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में समरसता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जा रहा है।

नामकरण और मूर्ति स्थापना की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने यह भी घोषणा की कि घंटाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान का नाम अब “डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थियेटर मैदान” होगा। साथ ही यहां बाबा साहब की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी देश के महापुरुषों की मूर्तियाँ लगाई जा रही हैं ताकि भावी पीढ़ी को उनके योगदान की जानकारी मिल सके।

प्रतिभाओं का सम्मान
इस विशेष अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने विदेश में पंथी नृत्य की प्रस्तुति देकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली आकांक्षा केसरवानी को सम्मानित किया। उनके इस उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि ऐसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होती हैं।

विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में श्री यू आर महिलांगे, श्री नारायण कुर्रे, श्री विजय दिवाकर, जय कुमार लहरे, श्री आर.डी. भारद्वाज, श्री मनीराम जांगड़े सहित संयुक्त आयोजन समिति के सदस्यगण और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न सिर्फ बाबा साहब को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकता, संविधान के महत्व और प्रेरणादायक विचारों के प्रचार-प्रसार का भी सशक्त मंच सिद्ध हुआ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.