दर्रीखार एसएलआरएम सेंटर में अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था देख गदगद हुए कोरबा प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव



स्वच्छता दीदियों के नवाचार की सराहना, इको-ब्रिक से बने प्लास्टिक सोफे को बताया प्रेरणास्रोत

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने नगर पालिक निगम कोरबा के दर्रीखार स्थित एसएलआरएम सेंटर (मणिकंचन केंद्र) का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, स्वच्छता दीदियों की मेहनत और महिला स्व-सहायता समूह की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। डॉ. यादव ने सेंटर की साफ-सफाई, सूखा-गीला कचरा पृथकीकरण, कंपोस्ट उत्पादन, मशरूम उत्पादन और इको-ब्रिक नवाचार को गहराई से देखा और इसे एक अनुकरणीय मॉडल बताया।
केंद्र के कामकाज की गहराई से ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने सूखा और गीला कचरा पृथकीकरण, रिड्यूस-रियूज-रिसायकल (3R) प्रक्रिया, गीले कचरे से खाद निर्माण, उसकी पैकिंग और विक्रय प्रणाली का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने गोबर से निर्मित दीयों की प्रक्रिया, मशरूम उत्पादन जैसी आजीविका मूलक गतिविधियों को भी सराहा।
स्वच्छता दीदियों से संवाद, कार्यों की प्रशंसा
डॉ. यादव ने स्वच्छता दीदियों और महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जानना चाहा कि कार्य के दौरान उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ता। दीदियों ने बताया कि वे वर्ष 2017 से कार्यरत हैं और अब तक किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आई है। उन्हें समय पर मानदेय प्राप्त हो रहा है और केंद्र से उन्हें अतिरिक्त आय भी हो रही है।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर चर्चा
प्रभारी सचिव ने निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था पर भी जानकारी ली। निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने बताया कि सभी वार्डों में यह सेवा सक्रिय रूप से संचालित की जा रही है और औद्योगिक प्रतिष्ठान भी अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था को सुनिश्चित कर रहे हैं। डॉ. यादव ने स्वच्छता दीदियों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की सलाह दी।
इको-ब्रिक से बना अनोखा प्लास्टिक सोफा बना आकर्षण का केंद्र
दर्रीखार एसएलआरएम सेंटर में स्वच्छता दीदियों ने प्लास्टिक की खाली बोतलों और प्लास्टिक पाउच के उपयोग से एक आकर्षक सोफे का निर्माण किया है। डॉ. यादव ने उस पर बैठकर उसकी मजबूती और रचनात्मकता की सराहना की। बताया गया कि एक सोफा बनाने में करीब 217 इको-ब्रिक का उपयोग हुआ है जिसमें लगभग 43 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक उपयोग में लिया गया, जो 21,700 वर्गफीट क्षेत्र को ढकने में सक्षम होता।
सुशासन तिहार शिविर का भी निरीक्षण
प्रभारी सचिव ने निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में आयोजित सुशासन तिहार शिविर का भी निरीक्षण किया। वहां उपस्थित नागरिकों की शिकायतों और मांगों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
उपस्थित अधिकारीगण
इस निरीक्षण दौरे में प्रभारी कलेक्टर एवं निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत के सीईओ दिनेश कुमार नाग, निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूवा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता आकाश अग्रवाल, स्वच्छता निरीक्षक शैलेन्द्र नामदेव, पंकज गभेल, धनमोहन कुर्रे सहित अनेक अधिकारीगण एवं महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यगण उपस्थित थे।



