March 20, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

महापौर संजूदेवी राजपूत का बस्तियों में पैदल भ्रमण, जनता से सीधी बातचीत कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

पानी, बिजली, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर दिया विशेष जोर, अधिकारियों को कार्यों में कसावट लाने के निर्देश

त्रिनेत्र टाइम्स, कोरबा, *****/  कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आमजन की समस्याओं को समझने और समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वार्ड क्र. 01, 02 एवं 14 की विभिन्न बस्तियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मोहल्लों में पैदल भ्रमण करते हुए स्थानीय नागरिकों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

महापौर ने पटेलपारा, फोकटपारा, इंदिरा नगर, सांई मोहल्ला, रामसागरपारा, शासकीय स्कूल के पीछे मोहल्ला, अमरैयापारा, शारदा विहार सहित कई बस्तियों का भ्रमण कर लोगों से पानी, बिजली, साफ-सफाई और विकास से संबंधित मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान:

भ्रमण के दौरान निवासियों ने पानी के कम दबाव की शिकायत की, खासकर बस्तियों के आखिरी छोर पर। इस पर महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन में समुचित दबाव सुनिश्चित करें ताकि सभी घरों तक पेयजल सुचारू रूप से पहुंच सके। टुल्लू पंप के उपयोग की शिकायत पर महापौर ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे सामूहिक हित को ध्यान में रखते हुए ऐसे पंपों का प्रयोग न करें।

स्वच्छता में कसावट के निर्देश:

महापौर ने सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और पाया कि कुछ स्थानों पर कचरा समय पर नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने साफ-सफाई कार्यों में कसावट लाने, नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने और कचरे का त्वरित उठाव व निपटान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता के लिए निगम और नागरिकों दोनों की भागीदारी जरूरी है।

जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण:

महापौर ने बस्तीवासियों से संवाद करते हुए आश्वासन दिया कि निगम प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि “सुशासन तिहार” जैसे विशेष अभियानों के माध्यम से भी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

इस दौरे के दौरान पार्षद युगल कैवर्त, ईश्वर पटेल, योगेश मिश्रा, पूर्व पार्षद दीपा राठौर एवं दीपक यादव, निगम के कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, रमेश सूर्यवंशी सहित निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

महापौर ने अंत में नगरवासियों से निगम की योजनाओं में सहयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.