भाजपा के 46वें स्थापना दिवस पर बाँकी मोंगरा मंडल में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह और एकजुटता



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, बाँकी मोंगरा: ****/ भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बाँकी मोंगरा मंडल में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला। यह दिन भारतीय राजनीति में भाजपा के योगदान, त्याग, तपस्या एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर बना।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के प्रथम अध्यक्ष डॉ. जे.पी. चंद्रा के मुख्य आतिथ्य में हुई। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा की शुरुआती चुनौतियों, संघर्षों एवं संगठन के निरंतर विकास की भावुक झलक प्रस्तुत की। डॉ. चंद्रा ने कार्यकर्ताओं से निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा ने अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक जनहित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे भाजपा की नीतियाँ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में कारगर रही हैं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत केवर्त ने भाजपा की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों में यह पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। पूर्व महामंत्री मुकुल कर्ष ने संगठन में जवाबदेही, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर सारगर्भित बातें रखीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा ने की और कुशल संचालन मंडल महामंत्री अश्वनी साहू द्वारा किया गया। दोनों ने कार्यक्रम की सफलता एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से धीतेश्वर सिंह ठाकुर (वरिष्ठ भाजपा नेता), लखन राठौर (पूर्व महामंत्री), श्रीमती गायत्री कंवर (नगर पालिका उपाध्यक्ष), हनुमान पांडेय (मंडल महामंत्री), कार्यक्रम संयोजक रामप्रसाद बबलू डहरिया, सह-संयोजक विकेश झा एवं श्रवण यादव सहित सभी पार्षदगण एवं सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में भाजपा के संकल्प “राष्ट्र प्रथम” को दोहराया।


