उत्कल दिवस पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया बैरिस्टर मधुसूदन दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण, ओडिशा राज्य स्थापना दिवस को बताया प्रेरणादायक




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 01 अप्रैल 2025 — उत्कल दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर स्थित महिला थाना चौक (मधुसूदन दास चौक) में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और ओडिशा राज्य के जनक बैरिस्टर मधुसूदन दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कल समाज एवं ओडिशावासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस ऐतिहासिक अवसर को संघर्ष, आत्मगौरव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
उत्कल समाज और ओडिशा वासियों को मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्कल दिवस न केवल ओडिशा राज्य के गठन का पर्व है, बल्कि यह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पहचान की प्रेरणा का भी स्मरण है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश सहित देशभर में निवासरत उत्कल समाज के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में उत्कल समाज के लोग निवास करते हैं, जो प्रदेश की सामाजिक समरसता, विविधता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाते हैं।
बैरिस्टर मधुसूदन दास के योगदान को मुख्यमंत्री ने किया स्मरण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बैरिस्टर मधुसूदन दास का त्याग, तप और संघर्ष ओडिशा राज्य की स्थापना का आधार रहा है। उनके अथक प्रयासों से ही 1 अप्रैल 1936 को ओडिशा अलग राज्य के रूप में स्थापित हुआ। वे ना केवल ओडिशा के पहले बैरिस्टर थे, बल्कि एक समाज सुधारक, लेखक और ओडिशा की सांस्कृतिक अस्मिता के रक्षक भी थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध सदियों पुराने हैं। उन्होंने बताया कि जगन्नाथ पुरी मंदिर में चढ़ने वाला भोग का चावल आज भी छत्तीसगढ़ से भेजा जाता है। विशेष रूप से देवभोग क्षेत्र का चावल भगवान श्री जगन्नाथ के महाप्रसाद में उपयोग होता है, जो दोनों राज्यों के बीच गहरे धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का उदाहरण है।
प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री श्री साय ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ से प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद छत्तीसगढ़वासियों पर सदैव बना रहेगा।
उत्कल दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, उत्कल समाज के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में विधायक श्री किरण देव, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री सुनील सोनी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, श्री संजय श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित जनों के साथ मिलकर उत्कल दिवस की गौरवमयी परंपरा को आत्मसात करते हुए ओडिशा राज्य स्थापना के ऐतिहासिक क्षणों को याद किया और सभी से सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
