कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर, अपने ही संगठनों के आंदोलन से किनारा: भाजपा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित साहू ने कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के संसद घेराव को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी ही सहयोगी इकाई के आंदोलन में गुटबाजी से उबर नहीं पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को भी शामिल होने का अवसर मिला था, लेकिन कई नेता इसमें शामिल नहीं हुए क्योंकि जिस राष्ट्रीय नेता के नेतृत्व में यह घेराव हो रहा था, उसके नाम पर ही छत्तीसगढ़ में गुटबाजी हो गई।
श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी इस कदर हावी हो चुकी है कि न तो कोई किसी की सुनने को तैयार है और न ही संगठन में कोई समन्वय बचा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही कांग्रेस में गुटीय कलह चरम पर है। कार्यकर्ता और नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में व्यस्त हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को खुद उनकी पार्टी के कार्यकर्ता स्लीपर सेल कह रहे हैं, और कांग्रेस पदाधिकारी भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अब विचारधारात्मक रूप से भी दिशाहीन हो चुकी है और यह स्थिति केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में कांग्रेस की हालत यही है। गुटबाजी के कारण कांग्रेस का जनाधार लगातार खिसक रहा है, जिसका असर हाल के निकाय और पंचायत चुनावों में भी देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लालच में बंटी हुई पार्टी बन चुकी है और संगठन की यह अंदरूनी कलह ही इसके पतन का कारण बन रही है।


