March 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ ग्रहण किया पदभार

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बांकीमोंगरा | नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के साथ अपना पदभार ग्रहण किया। नगर पालिका परिसर में श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना और हवन अनुष्ठान के बाद उन्होंने अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उनके परिवारजनों सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हनुमान पूजा और हवन से हुई शुरुआत

पदभार ग्रहण करने से पहले पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा और उनके पति श्री विकास झा ने महंत जी के सान्निध्य में विधिपूर्वक हनुमान जी की पूजा-अर्चना और हवन किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने फीता काटकर अध्यक्ष कक्ष में प्रवेश किया और विधिवत पदभार संभाला। इस दौरान नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्योत्सना टोप्पो एवं अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

रजिस्टर में हस्ताक्षर कर किया कार्यकाल का शुभारंभ

पालिका कार्यालय में प्रवेश के बाद पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने पदभार ग्रहण करने की औपचारिकता पूरी की और नगर विकास व जनकल्याण की दिशा में कार्य करने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने नगर पालिका परिषद के रजिस्टर में हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभाली।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

इस अवसर पर भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष श्री मनोज शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ श्री विकास झा, बांकीमोंगरा मंडल अध्यक्ष श्री उदय शर्मा, मंडल प्रभारी श्री सतीश झा, महामंत्री अश्वनी साहू, बबलू डहरिया, लक्ष्मी अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, तरुण अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

पालिका कर्मियों, व्यापारियों और नागरिकों ने किया स्वागत

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, सफाईकर्मी, व्यापारीगण, वरिष्ठ नागरिक और पत्रकारों ने भी पालिका अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।

नगर विकास को मिलेगी नई गति

अपने पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने नगर विकास, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बांकीमोंगरा को स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाने के लिए उनकी टीम पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।

इस ऐतिहासिक अवसर पर नगरवासियों में हर्ष और उल्लास का माहौल रहा और सभी ने नगर पालिका की नई टीम को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.