कोरबा में पहली बार 42 पिच्छियों के साथ भव्य जैन संत विहार, 26 मार्च को होगा मंगल प्रवेश


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जैन समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है, जब आर्यिका 105 गुरुमति माताजी एवं आर्यिका 105 दृढ़मति माताजी का 42 पिच्छियों के भव्य संघ के साथ कोरबा आगमन होगा। 26 मार्च 2025 (बुधवार) की सुबह 6:00 बजे यह दिव्य मंगल प्रवेश दिगंबर जैन मंदिर कोरबा में गाजे-बाजे के साथ संपन्न होगा।
इतिहास में पहली बार कोरबा में इतना बड़ा संघ
यह विशाल जैन संत संघ 25 फरवरी से डोंगरगढ़ के चंद्रगिरि तीर्थ से सम्मेद शिखर तीर्थ, झारखंड की ओर विहार कर रहा है। कोरबा के इतिहास में पहली बार इतने बड़े संघ का आगमन हो रहा है, जिससे जैन समाज में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
संघ का यात्रा मार्ग एवं विश्राम स्थल
✔ सोमवार (24 मार्च 2025): संघ सरईश्रृंगार-डोंगरी से विहार कर खिसोरा पहुंचा, जहां आहारचर्या संपन्न हुई। इसके पश्चात विहार कर पंतोरा में रात्रि विश्राम किया।
✔ मंगलवार (25 मार्च 2025): प्रातः पंतोरा स्कूल से कनवेरी स्कूल के लिए विहार हुआ, जहां आहारचर्या संपन्न हुई। इसके बाद संघ ने सर्वमंगला मंदिर के पीछे स्नेह सदन में रात्रि विश्राम किया।
✔ बुधवार (26 मार्च 2025): प्रातः 6:00 बजे से भव्य मंगल प्रवेश का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भारी संख्या में सम्मिलित होंगे।
भव्य मंगल प्रवेश एवं सत्संग आयोजन
26 मार्च को संपूर्ण जैन समाज के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य गण कोरबा में मंगल प्रवेश की तैयारी में जुटे हैं। जैन मिलन समिति ने समस्त जैन समाज के श्रद्धालुओं से इस शुभ अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
आर्यिका माताजी का सत्संग एवं आहारचर्या बुधवार को दिगंबर जैन मंदिर कोरबा में संपन्न होगी।
समस्त जैन समाज से अपील
जैन मिलन समिति ने समस्त जैन समाज के श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों से अनुरोध किया है कि वे सुबह 6:00 बजे सर्वमंगला मंदिर के पास पहुंचें और इस भव्य मंगल प्रवेश को सफल बनाएं।
यह आयोजन जैन धर्म, आध्यात्मिकता और अहिंसा के प्रचार-प्रसार का एक महान अवसर होगा। ऐसे शुभ अवसर पर समाज के सभी सदस्य इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने अवश्य पधारें।
|| जय जिनेंद्र ||



